माया त्रिवेदी का निधन, मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि
– हार्ट अटैक आने से हुआ निधन
उज्जैन. अखिल भारतवर्षीय श्री गुर्जरगौड़ ब्राह्मण महासभा महिला इकाई की राष्ट्रीय अध्यक्षा एवं मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रदेश महामंत्री माया राजेश त्रिवेदी का आकस्मिक निधन हो गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उन्हें श्रद्धांजलि देने उज्जैन पहुंचे।
माया त्रिवेदी का संपूर्ण जीवन समाजसेवा, संगठन के प्रति निष्ठा और जनसेवा की भावना को समर्पित रहा। समाज के प्रति उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
वे समाज की एक उदार, समर्पित और सेवाभावी सहयोगी थीं। समाजहित की अनेक संस्थाओं और कार्यों में उन्होंने सदैव बढ़-चढ़कर सहयोग दिया। श्री गुर्जरगौड़ ब्राह्मण समाज धर्मशाला, भादवा माता के लिए भी उनका महत्वपूर्ण सहयोग रहा। समाज के शैक्षणिक ट्रस्ट सहित शिक्षा एवं सामाजिक उत्थान से जुड़े कार्यों में वे हमेशा पूरे मन से सहयोग करती रहीं।
महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी आपका योगदान अनुकरणीय था। वे स्वयं महिलाओं के लिए एक मिसाल थीं। समाज की महिलाओं को आगे बढ़ाने, उन्हें नेतृत्व के अवसर दिलाने और सशक्त बनाने के लिए वे सदैव प्रयासरत रहीं। महिलाओं के प्रति उनका यह समर्पण और दूरदर्शी सोच हमेशा प्रेरणा देती रहेगी।
कांग्रेस संगठन के प्रति भी आपका समर्पण और सक्रिय योगदान उल्लेखनीय रहा। उन्होंने संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्वों का पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन किया I





